Uncategorized

जेटेट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी-एसपी ने केंद्रों का निरीक्षण किया

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

सीसीटीवी, जैमर और सुरक्षा व्यवस्था जांची, कदाचारमुक्त परीक्षा कराने के निर्देश

अरविंद अग्रवाल | छत्तरपुर, पलामू

मेदिनीनगर (पलामू): झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर पलामू जिला प्रशासन अलर्ट है। आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी और अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रजवाडीह स्थित आर.के. रामधारी स्कूल और बारालोटा स्थित ग्रीन वैली स्कूल सहित अन्य केंद्रों की व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों, जैमर, कंट्रोल रूम, वीडियोग्राफी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग तथा अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया गया।

परीक्षा कक्षों में पर्याप्त रोशनी के निर्देश

उपायुक्त ने सभी परीक्षा कक्षों में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने और परीक्षा से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार सहित संबंधित दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *