
रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर झामुमो के ‘बिहार कनेक्शन’ वाले आरोप पर पलटवार किया है। एक्स पर जारी बयान में उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के कथित अपराध के लिए पूरे बिहार जैसे ऐतिहासिक विरासत वाले राज्य को बदनाम करना उचित नहीं है।
मरांडी ने कहा कि यदि झारखंड के विभिन्न जिलों से जुड़े लोग किसी मामले में आरोपी हैं तो इसके लिए पूरे जिले या वहां के लोगों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने देवघर, गिरिडीह, पलामू, हजारीबाग और बोकारो से जुड़े कथित मामलों का उल्लेख करते हुए झामुमो से सवाल किया।
उन्होंने जेपीएससी-जेएसएससी से जुड़े मामलों में अधिकारियों की नियुक्ति और जांच को लेकर भी सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। मरांडी ने आरोप लगाया कि जांच को प्रभावित करने और कथित तौर पर बड़े आरोपियों को बचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने पूछा कि संबंधित अधिकारियों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई और उन्हें किसका संरक्षण प्राप्त है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
Leave a Reply