
रांची: निशा भगत की मौत के मामले में एफआईआर में अपना नाम शामिल किए जाने पर संबंधित महिला नेत्री ने सफाई देते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि महज आरोप-प्रत्यारोप के आधार पर किसी को घटना का जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। निशा से उनकी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता थी, व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं।
महिला नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा ने भाजपा, आरएसएस और जनजातीय सुरक्षा मंच पर निशा का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि निशा को आदिवासी संगठनों के नेताओं के खिलाफ भड़काया गया, जिसके कारण वह सामाजिक रूप से अलग-थलग पड़ गई थीं। उन्होंने कहा कि निशा ने अपने अंतिम लाइव वीडियो में भी इस्तेमाल किए जाने की बात कही थी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निशा ने अपने अंतिम वीडियो या फेसबुक पोस्ट में उनका नाम नहीं लिया था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने परिजनों को प्रभावित कर एफआईआर में उनका नाम शामिल कराया। उन्होंने कहा कि वह निशा के परिजनों के साथ खड़ी हैं और किसी भी निष्पक्ष जांच में पूरा सहयोग करने को तैयार हैं।



