
रांची: छठ महापर्व के अवसर पर श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट, झारखंड की ओर से राजभवन के समीप हटनिया तालाब में दो दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच 2100 हनुमान चालीसा की प्रतियां निःशुल्क वितरित की गईं। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले करीब 50 लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रथम और द्वितीय अर्घ्य के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, डॉ. महुआ माजी, पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी और उपायुक्त सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। इस मौके पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने पतरातू में हनुमान जी और बाबा नीम करौली का भव्य मंदिर बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही जरूरतमंदों की सहायता के लिए अनाथालय और वृद्धाश्रम स्थापित करने की योजना भी बताई। ट्रस्ट ने धार्मिक गतिविधियों के साथ मानव सेवा और सामाजिक कल्याण को अपने कार्यों का प्रमुख उद्देश्य बताया।



