
रांची: बस व्यवसायियों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को चैम्बर भवन में बैठक हुई। इसमें परमिट नवीनीकरण, नई बसों से प्रतिस्थापन और अस्थायी परमिट जारी करने में हो रही देरी पर चिंता जताई गई।
बैठक में जुलाई 2024 से लंबित परमिट नवीनीकरण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने की मांग की गई। वाहन पोर्टल पर उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने का सुझाव दिया गया। साथ ही, पुरानी बसों के स्थान पर उच्चतर मॉडल की नई बसें लगाने की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने पर जोर दिया गया। देरी से ऋण पर खरीदी गई नई बसें खड़ी रहती हैं और संचालकों को आर्थिक नुकसान होता है।
पूजा, शादी-विवाह, पर्यटन, मेला सहित अन्य आयोजनों के लिए एक से 28 दिनों तक के अस्थायी ठेका परमिट जारी करने की प्रक्रिया सरल बनाने का भी आग्रह किया गया।
चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने विभागीय सचिव से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। बैठक में विकास विजयवर्गीय, अमित शर्मा और नवजोत अलंग उपस्थित थे।



