
खूंटी: बिरसा कॉलेज, खूंटी के एक कर्मचारी पर विद्यार्थियों से काम के बदले कथित रूप से पैसे मांगने और दुर्व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। इस संबंध में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोष साबित होने पर कार्रवाई की मांग की है।

एबीवीपी के झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी प्राचार्या डॉ. पुष्पा सुरीन को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने जांच पूरी होने तक संबंधित कर्मचारी को विद्यार्थियों से जुड़े कार्यों से अलग रखने की मांग भी की।
प्रकाश टुटी ने कहा कि विद्यार्थियों से अनुचित तरीके से पैसे मांगना और उनके साथ दुर्व्यवहार करना स्वीकार्य नहीं है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परिषद विद्यार्थियों के सम्मान और अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेगी।
वहीं, प्रभारी प्राचार्या ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान एबीवीपी कार्यकर्ता राजदीप गुप्ता, दशाएं मुंडा, अनीश, सुखराम हेम्ब्रोम सहित कई विद्यार्थी मौजूद थे।
Leave a Reply