
रांची: माय भारत, झारखंड और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के छठे सप्ताह के तहत पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।
मौके पर रांची नगर निगम के उपमहापौर नीरज कुमार, माय भारत झारखंड की राज्य निदेशक ललिता कुमारी, ओलंपियन मनोहर टोप्पो सहित अन्य अतिथि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजकों ने युवाओं से खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ एवं नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।



