
रांची: सीसीएल ने सामाजिक उत्तरदायित्व, ग्रामीण विकास और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए तीन प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किए हैं। नई दिल्ली के रेडिसन ब्लू में आयोजित फॉर्च्यून लीडरशिप अवॉर्ड्स 2026 के चौथे संस्करण में कंपनी को ये पुरस्कार प्रदान किए गए।
सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र को सीएसआर के क्षेत्र में प्रभावी नेतृत्व, दूरदर्शिता और उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘सीएसआर लीडर ऑफ द ईयर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। इसके अलावा कंपनी को ‘कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी एक्सीलेंस अवॉर्ड’ और ‘रूरल डेवलपमेंट इम्पैक्ट अवॉर्ड–उन्नत कृषि: स्मार्ट एग्रीकल्चर’ भी मिला। सीसीएल की ओर से प्रबंधक (सीएसआर) जॉन अमित बोदरा ने पुरस्कार ग्रहण किया।
कंपनी सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, कृषि को प्रोत्साहन और सामुदायिक कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। ये सम्मान सीसीएल की समावेशी एवं सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं।



