22 चक्का कोयला लदे ट्रक की चपेट में आने से छात्रा की मौत, आमझर में पसरा मातम

परिवहन विभाग की तीन सदस्यीय सड़क सुरक्षा टीम ने शुरू की दुर्घटना जांच

सिंदरी: बलियापुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर स्थित प्रज्ञान्य बी.एड. कॉलेज के समीप हीरक रोड पर शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में आमझर पंचायत की छात्रा पाखी मंडल की मौत हो गई, जबकि उनके पिता रंजीत मंडल घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:30 बजे पाखी मंडल अपने पिता के साथ हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस (संख्या JH10AD6667) से बलियापुर बाजार से घर लौट रही थीं। इसी दौरान 22 चक्का कोयला लदा ट्रक (संख्या JH10CN6648) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में पाखी मंडल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

रविवार को पोस्टमार्टम के बाद छात्रा का शव आमझर पहुंचते ही गांव में मातम छा गया। मृतका की माता बीना मंडल, पिता रंजीत मंडल तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर आठ घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम कर दिया। रविवार सुबह लगभग 4 बजे पुलिस और प्रशासन के समझाने के बाद जाम समाप्त हुआ। मौके पर पहुंचे बलियापुर अंचल अधिकारी मुरारी नायक ने ग्रामीणों की मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने मांग की कि भारी वाहनों का परिचालन रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक ही किया जाए तथा प्रधानखंता ओवरब्रिज की मरम्मत शीघ्र पूरी कर उसे चालू किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

घटना को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग की तीन सदस्यीय सड़क सुरक्षा टीम ने रविवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने दुर्घटना के कारणों की तकनीकी जांच की तथा सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कई वाहनों से जुर्माना भी वसूला।

जांच दल में जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार, सड़क सुरक्षा अभियंता अमरेश कुमार, सूचना प्रौद्योगिकी सहायक देवेंद्र कुमार, बलियापुर थाना के उपनिरीक्षक हसरत जमाल तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *