
बोकारो : स्वदेशी जागरण मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला संयोजक प्रमोद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में देश में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने और आम लोगों के बीच स्वदेशी के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वदेशी सप्ताह मनाया जाएगा।

स्वदेशी सप्ताह की शुरुआत 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर होगी और इसका समापन 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर किया जाएगा। इस दौरान स्वदेशी जागरण मंच की ओर से जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बैठक में तय कार्यक्रमों के तहत विद्यालयों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं को अभियान से जोड़ने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा सड़क पर जनजागरण अभियान चलाकर स्वदेशी वस्तुओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। मंच के कार्यकर्ता स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार कर देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को मजबूत करने का संदेश देंगे।
क्षेत्रीय संयोजक श्री अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि स्वदेशी केवल वस्तुओं की खरीद तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह स्थानीय रोजगार, छोटे कारोबार, कुटीर उद्योग और देश की आर्थिक मजबूती से भी जुड़ा हुआ है। स्वदेशी सप्ताह के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि स्वदेशी सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आने वाले दिनों में विभिन्न विद्यालयों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर अमरेंद्र सिंह, अजय चौधरी दीपक , ददन प्रसाद, जयशंकर प्रसाद,कुमार संजय, नवीन सिन्हा, प्रेम प्रकाश,सुजीत कुमार, मनीष श्रीवास्तव,राकेश रंजन, सुजीत श्रीवास्तव,सुरेश सिन्हा एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थें.
Leave a Reply