
रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को रथ यात्रा के पावन अवसर पर धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथ मन्दिर पहुंचकर भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ रथ यात्रा में भी भाग लिया और राज्य की सुख-समृद्धि, शांति तथा जनकल्याण की कामना की।

राज्यपाल ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का महान पर्व है। यह उत्सव लोगों को प्रेम, सद्भाव, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देता है तथा समाज को एकजुट करने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ लोककल्याण की भावना को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को रथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्री जगन्नाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
Leave a Reply