
धनबाद/नई दिल्ली: शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशभर के चयनित शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। इस वर्ष 48 शिक्षकों को मिले प्रतिष्ठित सम्मान में धनबाद के राजकीयकृत मध्य विद्यालय बरमसिया की प्रभारी प्रधानाध्यापिका मुनमुन भट्टाचार्य भी शामिल रहीं। राष्ट्रपति ने उन्हें प्रशस्ति पत्र, शाल और 50 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की।

सीमित संसाधनों के बावजूद मुनमुन भट्टाचार्य ने नवाचार और स्थानीय संसाधनों के इस्तेमाल से विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दी। कबाड़ से शिक्षण सामग्री तैयार कर बच्चों को पढ़ाने के साथ उन्होंने शिक्षा को स्थानीय परिवेश और रोजमर्रा के अनुभवों से जोड़ने पर जोर दिया। विद्यालय में बच्चों को सतत विकास लक्ष्यों (SDGs), जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता से भी जोड़ा जा रहा है।
मुनमुन भट्टाचार्य ने बताया कि खनन क्षेत्र होने के कारण धनबाद में बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखना चुनौतीपूर्ण है। छात्राओं की माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा जारी रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक-अभिभावक की साझेदारी, सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयास से बच्चों का भविष्य बेहतर बनाया जा सकता है।
Leave a Reply