
बोकारो : उरांव समाज के पारंपरिक नृत्य, संगीत और कला की प्रस्तुति पहली बार देश की राजधानी दिल्ली में होगी। आगामी 27 अक्टूबर को लुटियंस जोन स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब के मावलंकर ऑडिटोरियम में शाहाबाद महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें झारखंड, बिहार और दिल्ली की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।
शाहाबाद महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अखिलेश कुमार ने सोमवार को बोकारो परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उरांव जनजाति का इतिहास और सांस्कृतिक विरासत गौरवशाली है, लेकिन इसे अपेक्षित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान नहीं मिल पाई है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय कला एवं संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में आयोजित समारोह में ऐतिहासिक रोहतासगढ़ किले के विकास की मांग भी उठाई जाएगी। कार्यक्रम में केंद्र व बिहार सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक सहित प्रशासनिक, साहित्यिक, चिकित्सा, शिक्षा और पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे।
महोत्सव में झारखंड की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर आयोजन समिति की बैठक भी हुई। बैठक में विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार रखे। अध्यक्षता लाखन सिंह ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सत्येंद्र ओझा ने किया।
Leave a Reply