
गिरिडीह: पीरटांड़ में आयोजित आजसू पार्टी के युवा जनसंवाद कार्यक्रम में युवाओं और महिलाओं की भारी भीड़ जुटी। पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि आजसू झारखंडी अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई तेज करेगी। उन्होंने कहा, “हमने झारखंड आंदोलन को सिर्फ पढ़ा नहीं, बल्कि झारखंड को गढ़ा है।”
सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की राजनीति सोशल मीडिया के दिखावे से नहीं, बल्कि संघर्ष, सेवा और समर्पण से तय होगी। युवा राज्य की असली ताकत हैं और उन्हें भविष्य की दिशा तय करने में आगे आना चाहिए।
महिलाओं से जुड़े चुनावी वादों पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने पात्र महिलाओं के नाम योजना से कटने और युवतियों के नाम नहीं जुड़ने के मामलों पर जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को उनके अधिकारों का लाभ सुनिश्चित करे।
सुदेश महतो ने रोजगार, शिक्षा और स्थानीय विकास को प्राथमिकता देने की जरूरत बताई। युवाओं से गांव-पंचायत की समस्याओं पर सक्रिय भूमिका निभाने तथा भ्रष्टाचार और माफियाराज के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो और केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने भी संबोधित किया। मौके पर जिलाध्यक्ष गुड्डू यादव समेत पार्टी के पदाधिकारी, पंचायत अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद थे।



