गीत-संगीत व नाट्य मंचन के साथ 21-22 नवंबर को होगा भव्य आयोजन

बोकारो : इस्पातनगरी बोकारो में एक बार फिर मिथिलांचल की समृद्ध संस्कृति व परंपरा की जीवंत छटा उतरने जा रही है। मिथिला-मैथिलीभाषियों की प्रतिष्ठित संस्था मिथिला सांस्कृतिक परिषद् के मुख्य वार्षिकोत्सव दोदिवसीय विद्यापति स्मृति पर्व समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। परिषद कार्यकारिणी की एक बैठक में इस वर्ष आगामी 21-22 नवंबर को उक्त समारोह आयोजित करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
नगर के सेक्टर-4 में परिषद-संचालित मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित इस समारोह के पहले दिन जहां आमंत्रित नामचीन मैथिली कलाकार गायन-वादन व मंच-संचालन से बोकारोवासियों का भरपूर मनोरंजन करेंगे, वहीं दूसरे दिन स्थानीय कलाकारों का रंगारंग कार्यक्रम और नाट्य-मंचन भी विशेष आकर्षण का केन्द्र होगा। बता दें कि परिषद दशकों से गीत-संगीत के साथ-साथ नाटक-मंचन को प्रमुखता के साथ आयोजित करता रहा है। ओटीटी और बड़े परदे के इस दौर में भी हजारों की तादाद में शहरवासी एकत्रित होकर इसका आनंद लेते हैं और हर साल इसके लिए उक्त समारोह का उन्हें इंतजार रहता है।
यह कार्यक्रम गत वर्षों की भांति इस बार भी खास होगा। इसके सफल आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल के विद्यापति सभागार में हुई परिषद कार्यकारिणी की बैठक में कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे परिषद के अध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने कहा कि विद्यापति स्मृति पर्व समारोह हर साल संस्था के लिए एक वृहद सांस्कृतिक और कलात्मक महायज्ञ होता है। इस बार भी आयोजन को भव्य एवं आकर्षक रूप देने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। बैठक का संचालन कर रहे महासचिव नीरज चौधरी ने समारोह के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर परिषद के उपाध्यक्ष श्रवण कुमार झा, सांस्कृतिक कार्यक्रम निदेशक अरुण पाठक सहित मिहिर कुमार झा (राजू), अविनाश कुमार झा अवि, सुनील मोहन ठाकुर (वरिष्ठ रंगकर्मी), रोशन कुमार झा (तरुण), गंगेश पाठक, गोविंद कुमार झा, पशुपति नाथ, विजय कुमार मिश्र अंजू, एसके झा, शंभू झा, अरविंद कुमार मिश्रा आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
Leave a Reply