
रांची: जमशेदपुर में भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान पथराव और कार्यकर्ताओं के घायल होने की घटना पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करा रही महिला कार्यकर्ताओं पर हमला लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति असहिष्णुता का प्रमाण है। उन्होंने दावा किया कि घटना में 10 से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता जेएनयू की छात्राओं के लिए न्याय की मांग करते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रही थीं। वे आरोपी सांसद बिमोल अकोइजाम के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सवालों का जवाब देने के बजाय कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने घटना की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कानून-व्यवस्था संभालने में विफलता का आरोप लगाते हुए जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब को निलंबित करने की मांग भी की। साहू ने कहा कि आरोपी सांसद की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी तक भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।



