रांची: पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन, साउथ छोटानागपुर की वार्षिक आमसभा में तेल कंपनियों की आपूर्ति व्यवस्था और नीतियों के खिलाफ डीलरों ने नाराजगी जताई। पांच जिलों के 200 से अधिक डीलरों ने कहा कि अग्रिम भुगतान के बावजूद समय पर पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे कई पेट्रोल पंपों पर संकट की स्थिति बनी हुई है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष राजहंस मिश्रा ने कहा कि तेल कंपनियों की सप्लाई व्यवस्था और संवादहीनता से डीलर व उपभोक्ता दोनों परेशान हैं। बैठक में कमीशन बढ़ाने, आपूर्ति व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने समेत पांच सूत्री मांग पत्र तेल कंपनियों को सौंपने का निर्णय लिया गया। डीलरों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।
Leave a Reply