धान खरीद से पहले सरकार का होमवर्क, 15 नए गोदाम बनेंगे; डीलरों का बकाया कमीशन भी जल्द

रांची: खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को विभागीय समीक्षा बैठक में आगामी धान अधिप्राप्ति की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को समय पर भुगतान, पारदर्शी खरीद और बिचौलियों पर रोक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस वित्तीय वर्ष में 50 लाख क्विंटल धान खरीद और 19 लाख क्विंटल चावल तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

राज्य में भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए 1000 मीट्रिक टन क्षमता वाले 15 नए गोदाम बनाए जाएंगे। किसानों की जमीन के सत्यापन के बाद ही धान की खरीद होगी। धान परिवहन में लगे वाहनों को ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा, जिससे खरीद से मिलिंग और भंडारण तक निगरानी की जा सकेगी।

मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य के 25 हजार से अधिक पीडीएस डीलरों के एक वर्ष के बकाया कमीशन के भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। भार मापक यंत्र के नवीनीकरण शुल्क को माफ करने का प्रस्ताव भी कैबिनेट को भेजा गया है। मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड के किसानों के हित में केंद्र से आवश्यक सहयोग और एमएसपी से जुड़े मुद्दे भी उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *