
रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो की मौजूदगी में सोमवार को बुकरू स्थित उनके आवासीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़े दर्जनों युवाओं एवं समाजसेवियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांके प्रखंड अध्यक्ष अमन शहदेव और मनोज कुमार के नेतृत्व में सभी ने संगठन से जुड़ने की घोषणा की।
सदस्यता लेने वालों में आम आदमी पार्टी के रांची जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश महतो, प्रेम प्रकाश सिंह, अशोक महतो, रंजीत महतो, बीरेन्द्र महतो, विश्वजीत महतो, संजय पहान, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के वेदप्रकाश महतो, मंतोष नायक, तौफीक राय, भोला महतो और संजय बैठा सहित अन्य लोग शामिल हैं।
नवागंतुक सदस्यों ने पार्टी की विचारधारा और सुदेश महतो के नेतृत्व से प्रभावित होकर आजसू से जुड़ने की बात कही। इस दौरान सुदेश महतो ने अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सभी का स्वागत किया। पार्टी ने नए सदस्यों के जुड़ाव को संगठन के विस्तार और युवाओं की बढ़ती भागीदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।



