
रांची: जेसीआई के सात दिवसीय ‘एक्सपो उत्सव 2026’ में रविवार की शाम आयोजन की सफलता के नाम रही। 29वें संस्करण के इस व्यापार मेले में देश के विभिन्न शहरों से आए कारोबारियों के करीब 400 वातानुकूलित स्टॉल लगाए गए हैं। महिला उद्यमियों के लिए विशेष पिंक हैंगर, बच्चों के लिए एम्यूजमेंट पार्क और विभिन्न ब्रांडों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हैं।

एक्सपो परिसर में आयोजित दो दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने फिजिशियन, दंत, ईएनटी और डायटिशियन परामर्श दिया। वहीं, स्वामी सहजानंद ब्रिजफोर्ड स्कूल के करीब 100 बच्चों ने हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर माहौल भक्तिमय बना दिया। सिटी डीएसपी जी.के. रमन ने मेले का भ्रमण कर आयोजन की सराहना की और जेसीआई सदस्यों का उत्साह बढ़ाया।
5 अक्टूबर को 140 प्रतिभागियों की योग प्रतियोगिता और ‘बुटिक्स एक्सपो फैशन शो’ आयोजित हुआ, जिसमें 23 मॉडल्स ने छह स्थानीय डिजाइनरों के परिधानों का प्रदर्शन किया। 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग कार्यक्रम होगा। आयोजकों के अनुसार क्यूआर कोड के जरिए विभिन्न कार्यक्रमों में पंजीकरण और प्रवेश टिकट की बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। एक्सपो का आयोजन अध्यक्ष अभिषेक जैन, सचिव साकेत अग्रवाल और उनकी टीम के नेतृत्व में किया जा रहा है।
