
जामताड़ा: करमा पूजा के अवसर पर जामताड़ा में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शामिल हुए। उन्होंने बहनों को कर्मा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद लिया। कार्यक्रमों में महिलाओं ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया और उन्हें भाई जैसा स्नेह देने की बात कही।
मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि कर्मा पूजा प्रकृति, भाई-बहन के प्रेम, कर्म और समृद्धि का पर्व है। उन्होंने कहा, ‘‘यह बिहार नहीं, झारखंड है। यहां बहन-बेटियों का सम्मान हमारी संस्कृति और संस्कार का हिस्सा है।’’ उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सरकार व समाज की साझा जिम्मेदारी बताया।
इरफान अंसारी ने कहा कि बहनों का सम्मान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए मंईयां सम्मान योजना समेत विभिन्न पहल के माध्यम से सहयोग कर रही है।
मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने झारखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए सभी को कर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
Leave a Reply