
बोकारो : कसमार नागरिक मंच की ओर से सोमवार को गर्री पंचायत भवन में सूचनाधिकार पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न पंचायतों से पहुंचे लोगों को सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन सहयोगिनी संस्था के निदेशक गौतम सागर, शिक्षाविद दुर्गा प्रसाद प्रजापति, जैनामोड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष संजय सिंह, भाकपा माले नेता शकुर अंसारी, आरटीआई एक्टिविस्ट नीरज भट्टाचार्य, विवेकानंद स्टडी सेंटर निदेशक संजय शर्मा एवं सत्यवर्धन जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
वक्ताओं ने कहा कि आरटीआई आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक निर्णयों की जानकारी प्राप्त करने का अधिकार देता है। गौतम सागर ने पारदर्शिता एवं जवाबदेही पर जोर दिया, जबकि संजय सिंह और दुर्गा प्रसाद प्रजापति ने ग्रामीणों को अधिकारों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई।
आरटीआई एक्टिविस्टों ने आवेदन लिखने, लोक सूचना पदाधिकारी से जानकारी मांगने तथा सूचना नहीं मिलने पर प्रथम एवं द्वितीय अपील की प्रक्रिया समझाई।
मौके पर कमलेश जायसवाल, दिलीप महतो, प्रवीन कुमार, विकास गोस्वामी, किसुन कपरदार, शेखर शरदेंदु, रमेश चंचल, गोलक नाथ ठाकुर, रविशंकर प्रजापति, बजरंगी प्रजापति, रूपेश महतो, मिथिलेश महतो, सनातन महतो, पंकज कपरदार और एनामुल अंसारी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।



