
रांची: राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर पेपर लीक के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस और गैर-एनडीए सरकारें रहीं, वहां लगातार प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाएं रद्द होने और लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ की घटनाएं सामने आईं।
डॉ. प्रदीप वर्मा ने दावा किया कि वर्ष 2018 से 2026 के बीच कम-से-कम 10 राज्यों में 13 बड़े पेपर लीक और परीक्षा अनियमितता के मामले सामने आए। उन्होंने झारखंड में जेएसएससी सीजीएल परीक्षा और जैक की बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, महाराष्ट्र, बिहार, ओडिशा, केरल और तेलंगाना की घटनाओं का भी हवाला दिया।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक युवाओं के भविष्य के साथ संगठित अपराध है। डॉ. वर्मा ने सभी मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच, दोषियों की संपत्ति जब्त करने, प्रभावित अभ्यर्थियों को आर्थिक क्षतिपूर्ति देने तथा परीक्षा एजेंसियों का स्वतंत्र सुरक्षा एवं तकनीकी ऑडिट कराने की मांग की।
Leave a Reply