
रांची: पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) ने “नशा मुक्त झारखंड–स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान के तहत युवाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि संगठन राज्यभर में नशा मुक्ति जागरूकता, शपथ, पोस्टर और संवाद कार्यक्रम चलाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पासवा अपने विद्यालय नेटवर्क के माध्यम से सरकार के साथ मिलकर हर गांव, स्कूल और मोहल्ले तक जागरूकता अभियान पहुंचाने के लिए तैयार है।
मौके पर आदित्य विक्रम जयसवाल ने कहा कि नशा युवाओं के सपनों और समाज के भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन है। वहीं, प्रवक्ता मेहुल दूबे ने सभी स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों से अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही नशा मुक्त झारखंड का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।



