
महागामा: ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मंगलवार को महागामा क्षेत्र में करीब 1.94 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। मेहरमा के मड़पा उच्च विद्यालय में 44.72 लाख रुपये की लागत से चार अतिरिक्त कमरों तथा महागामा के सरोतिया पंचायत के बसुआरा में 1.49 करोड़ रुपये की सड़क का निर्माण होगा। मंत्री ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के साथ सड़क, सिंचाई और ग्रामीण सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मड़पा से लीलातारी, कमलचक और गोवर्धनपुर तक सड़क निर्माण की तैयारी है। करीब 100 करोड़ रुपये की प्रस्तावित पीडब्ल्यूडी सड़क के लिए कैबिनेट की स्वीकृति आवश्यक है। सिंचाई के लिए नहर और चेकडैम पर काम चल रहा है। क्षेत्र में बन रही राइस मिल से किसानों को स्थानीय स्तर पर धान प्रसंस्करण की सुविधा मिलेगी। मंत्री ने पंचायतों को राज्य के कर राजस्व का चार प्रतिशत हिस्सा देने और इसे भविष्य में 10 प्रतिशत तक बढ़ाने की बात कही। साथ ही पात्र मतदाताओं से मतदाता सूची में नाम सुनिश्चित करने की अपील की।
Leave a Reply