
बोकारो ( खबर आजतक) : बोकारो विधायक श्वेता सिंह को आयुष्मान आरोग्य मंदिर, चीरा चास शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था को लेकर शिकायत मिली थी। इसके बाद विधायक ने अपने स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि कुमार प्रभात रंजन को केंद्र का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति जानने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सुबह 11 बजे तक चिकित्सक अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। वहीं, स्वास्थ्य केंद्र के बाथरूम की स्थिति अत्यंत दयनीय मिली। पिछले दो वर्षों से बाथरूम में दरवाजा तक नहीं है। कर्मचारियों द्वारा कई बार प्रभारी चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार को इसकी जानकारी देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
हैरानी की बात है कि केंद्र में चार महिला कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें चिकित्सक भी महिला हैं। ऐसे में बिना दरवाजे वाले बाथरूम का इस्तेमाल करना उनके लिए बेहद कष्टदायक है। निरीक्षण के दौरान केंद्र में अंधेरा भी पसरा मिला। कर्मचारियों ने बताया कि कई महीनों से बल्ब फ्यूज है, लेकिन सूचना देने के बाद भी सुधार नहीं हुआ। पूरी स्थिति से विधायक और उपायुक्त को जल्द लिखित रूप से अवगत कराया जाएगा।



