
रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय शर्मा ने खरीफ सीजन की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक से स्पष्ट हो गया है कि सरकार कृषि तैयारियों में पूरी तरह विफल रही है। कम वर्षा की स्थिति में किसान अब भी बीज और खाद के लिए भटक रहे हैं, जिससे खेती प्रभावित हो रही है।
मृत्युंजय शर्मा ने बताया कि राज्य में 18 लाख हेक्टेयर में धान की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन 15 जुलाई तक केवल 2.36 लाख हेक्टेयर, यानी 13.14 प्रतिशत क्षेत्र में ही बुआई और रोपाई हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष भी सरकार धान खरीद का लक्ष्य पूरा नहीं कर पाई थी। भाजपा ने मांग की कि सभी जिलों में किसानों को समय पर बीज और खाद उपलब्ध कराया जाए। साथ ही तकनीकी मार्गदर्शन, सिंचाई व्यवस्था और आर्थिक सहायता सुनिश्चित कर खरीफ सीजन को बचाने के लिए सरकार तत्काल प्रभावी कदम उठाए।
Leave a Reply