रथ यात्रा को लेकर चास में ट्रैफिक डायवर्जन, कई मार्गों पर आंशिक प्रतिबंध

बोकारो (ख़बर आजतक) : भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर गुरुवार को चास अनुमंडल प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा के निर्देश पर यह व्यवस्था दोपहर 1:00 बजे से रथ यात्रा समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।

जारी आदेश के अनुसार सेक्टर-4 स्थित जगन्नाथ मंदिर से राम मंदिर तथा कैंप-2 टाउन हॉल से जोधाडीह मोड़ तक निकलने वाली रथ यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों पर वाहनों के परिचालन में आंशिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा।

रथ यात्रा के दौरान बीजीएच चौक से अंबेडकर चौक की ओर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं बीजीएच चौक से गांधी चौक, गांधी चौक से पत्थरकट्टा चौक और पत्थरकट्टा चौक से राम मंदिर चौक तक सड़क के बाईं ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा, जबकि यातायात दाईं ओर से संचालित किया जाएगा।

इसी तरह टाउन हॉल (कैंप-2) से धर्मशाला मोड़ तक सड़क के बाईं ओर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा और यातायात दाईं ओर से कराया जाएगा। धर्मशाला मोड़ से महावीर चौक, महावीर चौक से जोधाडीह मोड़ तथा जोधाडीह मोड़ से महावीर चौक की ओर सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित स्थानों पर वाहनों को रोकने और यातायात नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे जारी यातायात व्यवस्था का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और रथ यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *