राज्य वित्त आयोग की टीम ने बुंडू पंचायत में योजनाओं की समीक्षा, पारदर्शिता पर दिया जोर


कसमार/बोकारो : राज्य वित्त आयोग की चार सदस्यीय टीम ने बुधवार को पेटरवार प्रखंड अंतर्गत बुंडू पंचायत का दौरा कर संचालित विकास योजनाओं की गहन समीक्षा की। टीम का पारंपरिक तरीके से स्वागत मुखिया निहारिका सुकुर्ति ने शॉल ओढ़ाकर किया।
दौरे के दौरान आयोग के सदस्यों ने विभिन्न मदों से प्राप्त राशि से चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। आयोग सदस्य डॉ. हरिश्वर दयाल ने पंचायत की स्वअर्जित आय, केंद्र एवं राज्य सरकार से मिले अनुदान के उपयोग तथा वित्तीय प्रबंधन से संबंधित विस्तृत जानकारी ली।

बैठक में ग्रामसभा द्वारा पारित योजनाओं को ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) में शामिल करने के दौरान आ रही तकनीकी समस्याओं पर चर्चा की गई, जिस पर आयोग ने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
टीम ने महिला हितैषी एवं हरित ग्राम योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से योजनाओं में पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।


इससे पूर्व आयोग की टीम ने पेटरवार प्रखंड सह अंचल कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की।
मौके पर आयोग के परामर्शदाता कृष्ण मोहन पोदार, बरुज आबिद, प्रदान रांची के सौरव दत्ता, डीपीआरओ सफीक आलम, बीडीओ संतोष कुमार महतो, सीओ अशोक राम, संस्था की ज्योत्स्ना कुमारी, वार्ड सदस्य, ग्रामीण महिलाएं एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *