
रांची: मारवाड़ी युवा मंच, रांची शाखा की ओर से 15 अक्टूबर को रांची क्लब में भव्य डांडिया महोत्सव ‘रंगीलो रास 3.0’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध बैंड ‘Classico Naina’ की प्रस्तुति होगी। आयोजन की तैयारियों की जानकारी देने के लिए शुक्रवार को होटल रामाडा में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
शाखा अध्यक्ष एवं प्रोजेक्ट चेयरपर्सन विकास अग्रवाल ने बताया कि इस बार आयोजन को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी है। संगीत, डांडिया और सांस्कृतिक उत्साह से सजी इस शाम में युवाओं के साथ परिवारों की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा।
शाखा सचिव मुकेश शर्मा ने कहा कि यह आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर है। प्रोजेक्ट चेयरपर्सन अमित जांगिड़ और उमंग सुल्तानिया ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सदस्य जुटे हैं।
प्रेस वार्ता में निवर्तमान अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, उपाध्यक्ष निकुंज पोद्दार समेत मंच के कई सदस्य उपस्थित थे। आयोजकों ने शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
