
रांची: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जनों, डीएस और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं में 15 दिनों के भीतर ठोस सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही और कार्य में ढिलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मंत्री ने घोषणा की कि राज्य के सभी सदर एवं रेफरल अस्पतालों को चार-चार अतिरिक्त एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही मानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए दवाओं, बेड, चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डॉ. इरफान अंसारी ने सिविल सर्जनों को अस्पताल परिसर में ही निवास करने तथा बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम के प्रबंध निदेशक शशि प्रकाश झा सहित सभी जिलों के स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित थे।
Leave a Reply