
बोकारो। चास के बहादुरपुर स्थित सद्गुरु सदाफलदेव आदर्श गौशाला में मंगलवार को गौपाष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सद्गुरु सदाफलदेव आदर्श गौशाला ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ श्वेत ध्वजारोहण और स्वर्वेद पाठ से हुआ। इसके बाद विश्वशांति वैदिक महायज्ञ संपन्न हुआ।

महोत्सव के अवसर पर सद्गुरु सदाफलदेव विहंगम योग संस्थान के उत्तराधिकारी संत प्रवर पूज्य श्री विज्ञानदेव जी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर भी लगाया गया। सदर अस्पताल के सहयोग से आयोजित शिविर में सुबीर देवव्रत, विवेक कुमार, शिवम राय, संजय राय, संजय महादानी, शुभ्रांशु कुमार समेत दस लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

इस अवसर पर अतिथियों ने हवन के बाद गौपूजन कर गायों को अन्न खिलाया। गौशाला में सैकड़ों गिर नस्ल की गायों का पालन-पोषण किया जाता है। कार्यक्रम में ट्रस्ट के व्यवस्थापक दिनेश उपाध्याय और कोषाध्यक्ष सत्यनारायण गोयल की विशेष भूमिका रही। कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। महोत्सव का समापन विशाल भंडारे के साथ हुआ।



