
रांची: भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह का व्हाट्सऐप अकाउंट कथित तौर पर हैक कर साइबर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। उनके नाम और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर साइबर अपराधी परिचितों एवं संपर्क में रहने वाले लोगों को संदेश भेजकर 45 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद उनके करीबियों और समर्थकों के बीच सतर्कता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, रमेश सिंह के नाम से भेजे गए एक संदेश में 45 हजार रुपये की तत्काल आवश्यकता बताई गई। साथ ही शाम सात बजे तक पूरी रकम वापस करने का भरोसा भी दिया गया। संदेश में पहले मदद के लिए बातचीत शुरू की गई और इसके बाद पैसे मांगे गए। इस तरीके से लोगों का विश्वास हासिल कर उन्हें आर्थिक ठगी का शिकार बनाने की आशंका है।
घटना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। रमेश सिंह के नाम से व्हाट्सऐप पर पैसे मांगने वाला कोई संदेश मिलने पर उसकी सत्यता की पुष्टि सीधे उनसे फोन पर करें। बिना व्यक्तिगत पुष्टि किसी भी खाते में रकम स्थानांतरित न करें। साइबर अपराधियों द्वारा परिचितों की पहचान का दुरुपयोग कर ठगी किए जाने की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।



