मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित पात्र नागरिकों को मिलेगा अंतिम मौका

रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित पात्र नागरिकों को निर्वाचन विभाग एक और अवसर देने जा रहा है। इसके लिए 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक ‘एक और अवसर’ कैंप लगाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों से इस पहल का लाभ उठाने की अपील की है।
कैंप में तीन श्रेणियों के मतदाताओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एएसडीडी सूची में शामिल पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 या इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकेंगे। वहीं, नो मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी श्रेणी के वैसे मतदाता, जो आवश्यक दस्तावेज नहीं दे सके हैं, उन्हें भी प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा, एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके, लेकिन मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं कराने वाले युवाओं से फॉर्म-6 लिया जाएगा। के. रवि कुमार के अनुसार, एसआईआर के तहत यह छठी और अंतिम बीएलओ-बीएलए-2 बैठक है। विभाग का लक्ष्य किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची से वंचित नहीं रहने देना है।



