
रांची: राज्य में महिलाओं और आदिवासी बेटियों के खिलाफ कथित अपराधों तथा पुलिस प्रशासन की भूमिका को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न मामलों में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, पीड़ितों को सुरक्षा देने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में सिमडेगा की नाबालिग आदिवासी किशोरी से कथित यौन शोषण के मामले में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी पर समयबद्ध कार्रवाई का आग्रह किया गया। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा देने की मांग उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने युवा आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की मृत्यु का मामला भी उठाते हुए उनकी पूर्व शिकायतों और भूमि विवाद से जुड़े आरोपों की जांच की मांग की। इसके अलावा सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया थाना परिसर में महिला से कथित दुष्कर्म और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी में आदिवासी महिला के यौन शोषण के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में मामले को उजागर करने वाले पत्रकारों और न्यूज चैनल कार्यालय के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की समीक्षा कराने का भी आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश देने की मांग की।



