
रांची: चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को अधिकारियों के साथ दो घंटे तक समीक्षा बैठक कर सभी जिलों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को राज्य में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने उपायुक्तों, सिविल सर्जनों और कृषि पदाधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 75 प्रतिशत धान की फसल अब भी खेतों में है। बारिश से नुकसान होने पर पंचायत और प्रखंड स्तर पर तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाए। जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारी रखने का भी निर्देश दिया गया। अस्पतालों में दवाइयां और एंबुलेंस उपलब्ध रखने को कहा गया।



