
रांची: त्योहारी सीजन और छुट्टियों के दौरान हवाई किराये में अप्रत्याशित वृद्धि को लेकर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने चिंता जताई है। मंगलवार को चैंबर भवन में सिविल एविएशन उप समिति की बैठक में केंद्र और राज्य सरकार से हवाई किराये पर उचित सीमा निर्धारित करने की मांग की गई। सदस्यों ने कहा कि दुर्गापूजा से लेकर विंटर वेकेशन और नववर्ष तक विभिन्न मार्गों पर किराये में असामान्य वृद्धि यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है।

चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि हवाई सेवा अब व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों की जरूरत बन चुकी है। ऐसे में मांग बढ़ने के नाम पर मनमाना किराया वसूलना उचित नहीं है।
बैठक में रांची-दिल्ली सुबह की इंडिगो उड़ान एक दिसंबर से 16 जनवरी तक रद्द किए जाने पर भी नाराजगी जताई गई। उप समिति चेयरमैन श्रवण राजगढ़िया ने सेवा बहाल करने की मांग की। वहीं, एयरपोर्ट पर उड़ान कैफे की लोकेशन बदलकर सुरक्षा जांच के बाद करने का सुझाव दिया गया। चैंबर ने रांची से अन्य प्रमुख शहरों के लिए हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने का मुद्दा भी उठाया।



