
रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को हरमू रोड स्थित गोकुल धाम में आयोजित 122वें श्रीकृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव में शामिल होकर गौ-सेवा और संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रकृति और समस्त जीव-जंतुओं के प्रति प्रेम एवं करुणा का संदेश देता है।

राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 1904 में स्थापित रांची गौशाला न्यास पिछले 122 वर्षों से गौ-सेवा में जुटा है। वर्तमान में यहां करीब 1100 गौवंश का संरक्षण किया जा रहा है, जिनमें दूध नहीं देने वाली गायें भी शामिल हैं। उन्होंने गोबर से जैविक खाद और वर्मी कम्पोस्ट तैयार करने की पहल को पर्यावरण संरक्षण एवं जैविक खेती के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने गौशाला के अन्नपूर्णा सेवा प्रकल्प की भी प्रशंसा की, जहां मात्र 10 रुपये में छह रोटी, सब्जी और अचार उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि गौ-सेवा के साथ जरूरतमंदों की सहायता सामाजिक संवेदना का उदाहरण है।



